गॉल टेस्ट : चायकाल तक श्रीलंका के 6 विकेट पर 263 रन (लीड-1)

गॉल (श्रीलंका), 14 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट टीम ने गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत के साथ जारी पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन शुक्रवार को चायकाल तक अपनी दूसरी पारी में छह विकेट के नुकसान पर 263 रन बना लिए।

मेजबान टीम ने खुद को पारी की हार के संकट से बचाते हुए 71 रनों की बढ़त हासिल कर ली है और यह सम्भव हो सका है, दिनेश चांडीमल की 98 रनों की शानदार नाबाद पारी की बदौलत।

अपनी टीम को अच्छी स्थिति में लाने के लिए चांडीमल के अलावा लाहिरू थिरिमान्ने (44) और जेहान मुबारक (नाबाद 23) ने भी अहम योगदान दिया।

चांडीमल ने 98 गेंदों का सामना कर 11 चौके और दो छक्के लगाए जबकि मुबारक अब तक 23 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगा चुके हैं।

मेजबान टीम ने भोजनकाल तक पांच विकेट पर 108 रन बनाए थे। चांडीमल 10 और थिरिमान्ने चार रनों पर नाबाद थे।

इसके बाद दोनों ने छठे विकेट के लिए 125 रनों की साझेदारी निभाते हुए अपनी टीम को पारी की हार से बचाते हुए बढ़त की ओर अग्रसर किया।

थिरिमान्ने 220 के कुल योग पर रविचंद्रन अश्विन का शिकार हुए। थिरिमान्ने की विदाई के बाद मुबारक और चांडीमल सातवें विकेट के लिए 43 रन जोड़ चुके हैं।

श्रीलंका ने दूसरे दिन गुरुवार का खेल खत्म होने तक दो विकेट के नुकसान पर पांच रन बनाए थे। धम्मिका प्रसाद तीन और कुमार संगकारा एक रन पर नाबाद लौटे थे।

प्रसाद का विकेट पांच रनों के कुल योग पर ही गिरा। वह अपने कल के स्कोर में एक रन भी नहीं जोड़ सके।

इसके बाद संगकारा ने कप्तान एंजेलो मैथ्यूज के साथ चौथे विकेट के लिए उपयोगी 87 रन जोड़े। अपने करियर की आखिरी सीरीज खेल रहे संगकारा का विकेट 92 के कुल योग पर गिरा।

अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच आउट होने से पहले संगकारा ने 70 गेंदों पर पांच चौके लगाए। पवेलियन लौटते वक्त संगकारा ने बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया।

संगकारा अब गॉल में कभी टेस्ट नहीं खेलेंगे। कप्तान मैथ्यूज का विकेट 95 के कुल योग पर गिरा। मैथ्यूज ने 63 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाए।

भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने तीन और अमित मिश्रा ने दो विकेट लिए हैं जबकि वरुण एरॉन को एक सफलता मिली है।

श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 183 रन बनाए थे। भारत ने जवाब में अपनी पहली पारी में 375 रन बनाए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493