गोमांस के खिलाफ भाषण के लिए साध्वी को गिरफ्तार करें : भाजपा विधायक

पणजी, 18 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक व गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष माइकल लोबो ने विधानसभा में मंगलवार को कहा कि साध्वी सरस्वती जैसे धार्मिक नेताओं को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उनके गोवा आने पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। सरस्वती गोवा में नफरत वाले भाषण दे चुकी हैं।

लोबो ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद देते हुए कहा, “साध्वी सरस्वती ने कहा था कि गोमांस खाने वालों को फांसी दी जानी चाहिए। वह गोवा क्यों आती हैं और इस तरह की बयानबाजी करती हैं। पुलिस को साध्वी के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए अन्यथा कोई भी यहां आएगा और जो मन में आएगा बोलेगा। चाहे वे लोग कोई भी हों, हम उन्हें रोकने में सक्षम हैं।”

लोबो ने कहा, “एक नजीर होनी चाहिए। जो भी कोई नफरत फैलाने वाला भाषण देता है, उस पर प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए। उन्हें पुलिस मुख्यालय से सम्मन भेजा जाना चाहिए।”

मध्य प्रदेश की साध्वी सरस्वती चार दिन के लिए अखिल भारतीय हिंदू सम्मेलन में भाग लेने गोवा आई थीं। साध्वी ने कहा था कि जो भी गोमांस खाते हैं, उन्हें फांसी दी जानी चाहिए।

लोबो ने कहा कि श्री राम सेना के प्रमुख प्रमोद मुथालिक की तरह जनता को भड़काने वालों को गोवा आने पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “इस तरह के लोगों के गोवा आने पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए, चाहे कोई भी हो ..हमारे पर इस तरह की चीजों पर पूरा नियंत्रण होना चाहिए। हम इसकी इजाजत नहीं देनी चाहिए, जो भी गोवा में मुश्किल पैदा करना चाहते हैं, उनके लिए यहां कोई जगह नहीं है।”

गोवा की करीब 30 फीसदी से ज्यादा अल्पसंख्यक आबादी गोमांस खाती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493