गोल्फ : कैडीज के लिए जुटाया गया फंड

नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। गोल्फ में कैडीज की खराब आर्थिक हालत को देखते हुए उनकी सहायता करने के लिए कैडीज वेलफेयर ट्रस्ट ने दिल्ली गोल्फ क्लब में बीते शुक्रवार से एक गोल्फ टूर्नामेंट का आयोजन किया था।

टूर्नामेंट में कुल 350 खिलाड़ियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इस कार्यक्रम से कुल 50 लाख से ज्यादा की राशि जुटाई गई। टूर्नामेंट का विजेता शुभम जागलेन बने।

कैडीज वे लोग होते हैं जो गोल्फ खिलाड़ी का गोल्फ सेट उठाकर उनके साथ चलते हैं। भारत में उन्हें अपनी इन सेवाओं के लिए आर्थिक तौर पर बहुत ही कम भुगतान किया जाता है। इसलिए इस समुदाय द्वारा झेली जाने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए, एक गैर-लाभकारी धर्मार्थ ट्रस्ट कैडीज वेलफेयर ट्रस्ट (सीडब्ल्यूटी) उन्हें आर्थिक मदद देने की कोशिश करता है।

सीडब्ल्यूटी को दिल्ली गोल्फ क्लब के अध्यक्ष सिद्धार्थ श्रीराम का मार्गदर्शन हासिल है।

इस टूर्नामेंट के विषय में कैडीज वैलफेयर ट्रस्ट के प्रवक्ता मेजर (रिटायर्ड) आरएस बिली बेदी वीआरसी ने कहा, “कैडीज वैलफेयर ट्रस्ट पूरे साल कल्याणकारी पहलों की श्रृंखला का संचालन करता है। इसमें पंजीकृत कैडीज एवं उनके परिवारों को सीधे सहयोग देना शामिल है। दिल्ली गोल्फ क्लब ने कैडीज वैलफेयर ट्रस्ट टूर्नामेंट के आयोजन के लिए एक दिन निर्धारित कर इस प्रयास की सराहना की है।”

उन्होंने कहा, “इसका आयोजन इन कैडीज की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने के तौर पर किया जाता है। इस समुदाय की आर्थिक मदद को सरकार सीएसआर गतिविधि के रूप में मान्यता दे रही है और ट्रस्ट उनकी वेबसाइट पर पंजीकृत है।”

कैडीज के परिवारों को सहायता देने के लिए, मेडिक्लेम बीमा भी उपलब्ध कराया गया है जिसमें कुल 1750 लोगों को कवर दिया गया है। इसके अलावा सेवानिवृत्त कैडीज को भी आर्थिक सहयोग दिया जाता है। निजी या सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले प्रत्येक कैडी के बच्चे की स्कूल एवं कॉलेज फीस भी प्रदान की जाती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493