नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के प्रतिभाशाली गोल्फ खिलाड़ी चिराग पासवान सोमवार को एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में लंबी छलांग लगाकर 12वें पायदान पर पहुंच गए।
चिराग को रविवार को दिल्ली गोल्फ क्लब में संपन्न हुए पैनासोनिक ओपन इंडिया खिताब जीतने का लाभ मिला है और वह 17 स्थान की छलांग लगाने में सफल रहे।
चिराग ने बांग्लादेश के सिद्दिकुर रहमान और थाईलैंड के थावोर्न विराटचैंट को तीन स्ट्रोक से हराकर यह खिताब हासिल किया और खिताब के साथ 72000 डॉलर की इनामी राशि भी अर्जित की।
चिराग की मौजूदा सत्र में अब कुल 179,737.5 डॉलर की इनामी राशि अर्जित कर चुके हैं।
भारत के शीर्ष गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी शीर्ष पर कायम हैं, जबकि आस्ट्रेलिया के स्कॉट हेंड अभी भी दूसरे स्थान पर हैं।
कोलकाता के एस. एस. पी. चौरसिया 297,538.75 डॉलर की राशि के साथ एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में चौथे पायदान पर बरकरार हैं।
एशियन टूर का अगला टूर्नामेंट इसी सप्ताह सिंगापुर में होनी है। लागूना नेशनल गोल्फ एंड कंट्री क्लब में होने वाले इस वर्ल्ड क्लासिक चैम्पियनशिप में 23 देशों के 144 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
dharmpath.com dharmpath