मनीला, 13 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय गोल्फ खिलाड़ी एस. एस. पी चौरसिया ने एशियन टूर में विदेशी भूमि पर अपना पहला खिताब जीत लिया है।
चौरसिया ने रविवार को अंतिम राउंड में छह अंडर-66 का स्कोर करते हुए 10 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि वाला रिसोर्ट्स वर्ल्ड मनीला मास्टर्स का खिताब अपने नाम किया।
फिलिपींस में आयोजित गोल्फ टूर्नामेंट में 38 वर्षीय चौरसिया की विदेशी जमीं पर यह पहली जीत है।
चौरसिया ने टूर्नामेंट के चौथे दौर में छह बर्डी हासिल की। उन्होंने मध्यांतर से पहले तीसरे, पांचवें और आठवें होल पर और मध्यांतर के बाद 11वें, 14वें और 18वें होल पर बर्डी लगाए।
इस टूर्नामेंट में उन्होंने अमेरिका के साम चिएन और मलेशिया के निकोलस फुंग को पीछे छोड़ते हुए खिताबी जीत हासिल की।
चौरसिया ने ओवरऑल 19 अंडर 269 का स्कोर हासिल किया।
मलेशिया के निकोलस फुंग और अमेरिका के सैम चिएन भी 19 अंडर 269 का स्कोर हासिल करने में सफल रहे। लेकिन चौरसिया 1,80,000 रुपये की ईनामी राशि जीतते हुए खिताब अपने नाम कर ले गए।
अपनी जीत के बाद चौरसिया ने कहा, “मैं काफी खुश हूं। भारत के बाहर यह मेरी पहली खिताबी जीत है। मैं काफी उत्साहित हूं। हर किसी ने मुझसे कहा है कि मैं भारत में कई बार जीता हूं, लेकिन अब देश के बाहर जीतना बहुत जरूरी था। मैं इस सप्ताह इस लक्ष्य को हासिल कर काफी खुश हूं।”
अमेरिका के चिएन ने कहा, “चौरसिया ने काफी अच्छा गोल्फ खेला। मैं काफी आक्रामक खेलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन हो सकता है कि मैं ज्यादा आक्रामक खेल गया। मैंने पहले दौर में अच्छा किया, लेकिन दूसरे दौर में मैं बेहतर नहीं कर पाया।”
अन्य भारतीय खिलाड़ियों में शुभंकर शर्मा, चिराग कुमार और ज्योति रंधावा ने 18 अंडर 270 का समान स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से चौथा स्थान हासिल किया।
dharmpath.com dharmpath