कुआलालंपुर, 1 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी गोल्फ खिलाड़ी जस्टिन थॉमस ने रविवार को 70 लाख डॉलर इनामी राशि वाला सीआईएमबी क्लासिक खिताब जीत लिया।
थॉमस ने एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में दूसरे स्थान पर चल रहे आस्ट्रेलिया के स्कॉट हेंड को पछाड़ते हुए रिकॉर्ड 26 अंडर 262 का स्कोर कर एक स्ट्रोक के अंतर से जीत हासिल की।
तीसरे राउंड तक संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे थॉमस ने चौथे चरण में छह अंडर 66 का स्कोर किया, जिसमें 14वें होल पर लगाई गई एक डबल बोगी शामिल है।
जापान के हिडेकी मात्सुयामा टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले एशियाई खिलाड़ी रहे। उन्होंने पांचवां स्थान हासिल किया, जबकि भारत के अनिर्बान लाहिड़ी संयुक्त रूप से 21वां स्थान ही हासिल कर सके।
थॉमस ने कहा, “डबल बोगी लगाने के बाद बर्डी लगाना सच में अच्छा रहा। मैं टूर्नामेंट जीतने से कहीं अधिक गौरवान्वित हूं। मैं इस पर सिर्फ हंस सकता हूं।”
थॉमस ने कहा, “जब चार होल रह गए थे मैं शीर्ष पर पहुंच चुका था। तब मैंने खुद से कहा कि अगर मैं संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहा या सिर्फ एक स्थान पिछे हुआ तो भी यह बहुत बड़ी बात होगी। पूरे दिन मैंने बेहद धैर्य के साथ खेला। मेरे खयाल से मैं टूर्नामेंट के आखिरी होल पर शॉट खेलते हुए ही थोड़ा घबराया था।”
dharmpath.com dharmpath