गोल्फ : पैनासोनिक ओपन के पहले दिन संधू को बढ़त

नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के गोल्फ खिलाड़ी अजीतेश संधू ने अपने बेहतरीन फॉर्म को जारी रखते हुए पैनासोनिक ओपन इंडिया-2017 के पहले दौर में गुरुवार को आठ अंडर 64 का स्कोर किया। यह उनका इस साल का और दिल्ली गोल्फ क्लब पर सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।

उन्होंने पहले दिन सात बर्डी, एक ईगल और एक बोगी लगाई। पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखा गया। शीर्ष-13 में कुल नौ भारतीय अपनी जगह बनाने में सफल रहे।

दूसरे स्थान पर शिव कपूर रहे। उन्होंने पहले दिन तीन बर्डी की मदद से सात अंडर-65 का स्कोर किया।

संधू इस टूर्नामेंट में ताइवान ओपन और जापान चैलेंज टूर का खिताब जीतने के बाद उतरे हैं। इस टूर्नामेंट में संधू के माता-पिता भी उनका खेल देखने के लिए पहुंचे हैं।

दिन का खेल खत्म होने के बाद संधू ने कहा, “ताइवान और जापान के बाद मैं पहली बार अपने माता-पिता से मिल रहा हूं।”

उन्होंने अपने पहले दिन के खेल के बारे में कहा, “अभी पहला राउंड खत्म हुआ है, लेकिन मैं इस तरह के चुनौतीपूर्ण कोर्स पर इस स्कोर से खुश हूं। मैं शुरुआत से ही अच्छा खेला। 14वें होल पर ईगल लगाना मेरे लिए शानदार रहा।”

वहीं कपूर ने कहा, “मेरे लिए अच्छी शुरुआत है। मैंने दूसरे होल में बर्डी लगाई और फिर पांचवें होल में बर्डी लगाई। आठवें होल पर आए उतार-चढ़ाव से मुझे लय हासिल करने में मदद मिली। अंत में तीन बर्डी ने मुझे अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया।”

तीसरा स्थान भारत के ही शामिम खान को प्राप्त हुआ। उनके साथ इस स्थान पर संयुक्त रूप से अमन राज हैं। इन दोनों ने छह अंडर 66 का स्कोर किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493