तारलाक (फिलिपींस), 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय गोल्फ खिलाड़ी हिम्मत राय ने रविवार को संपन्न हुए 300,000 डॉलर इनामी फिलिपींस ओपन के तीसरे और आखिरी राउंड में नौ अंडर 63 का स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं गगनजीत भुल्लर और खलिन जोशी संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर रहे।
दो सप्ताह पहले वियतनाम में हुए टूर्नामेंट में प्लेऑफ से चूकने के बाद हिम्मत ने फिलिपींस में जबरदस्त वापसी की। फिलिपींस ओपन के शुरुआती दो राउंड में क्रमश: 71 और 70 का स्कोर कर संयुक्त रूप से 32वें स्थान पर रहे हिम्मत ने रविवार को लुइसिता गोल्फ एंड कंट्री क्लब में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
हिम्मत तीसरे राउंड में एक भी शॉट नहीं चूके और 12 अंडर 204 के ओवरऑल स्कोर के साथ विजेता फिलिपींस के ही मिगुएल ताबुएना से दो स्ट्रोक पीछे रह गए।
मिगुएल ने रविवार को तीसरे राउंड में 66 का स्कोर किया।
हिम्मत ने रविवार को बेहतरीन शुरुआत करते हुए शुरुआती दो होल पर बर्डी लगाए। इसके बाद उन्होंने पांचवें, सातवें, 10वें, 14वें, 15वें, 17वें और 18वें होल पर बर्डी लगाते हुए लंबी छलांग लगाई।
हिम्मत ने फिलिपींस ओपन के समापन के बाद कहा, “मेरे दिमाग में आंकड़े नहीं थे। मैं शुरुआत दो राउंड में की गई गलतियों को सुधारना चाहता था। मैं मूलभूत बातों को ध्यान में रखते हुए खेलना चाहता था और होल के नजदीक अपने शॉट रखने की कोशिश कर रहा था। मैंने उसके बाद आक्रामक रूप से पुट हासिल किए और इसी से अंतर पैदा हुआ।”
भुल्लर और खलिन दूसरे राउंड के बाद संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर रहे थे, हालांकि वे अंतिम राउंड में खिताबी चुनौती पेश नहीं कर सके। भुल्लर अंतिम राउंड में 71 जबकि खलिन 70 का स्कोर हासिल कर सके।
खलिन इसके साथ ही एशियन टूर फुल कार्ड का मौका भी गंवा बैठे।
वहीं मिगुएल ने करियर का पहला एशियन टूर खिताब जीता।
मिगुएल ने कहा, “मुझे खुशी है कि फिलिपींस ओपन खिताब एशियन टूर का मेरा पहला खिताब बना। मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि इस ट्रॉफी को जीतने वाले दिग्गज खिलाड़ियों में मेरा नाम भी शामिल हो गया।”
dharmpath.com dharmpath