गोल्फ : यूरोपीयन मास्टर्स में लाहिड़ी को पांचवां स्थान

क्रांस मोंटाना (स्विट्जरलैंड), 26 जुलाई (आईएएनएस)। शीर्ष भारतीय गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी ने 27 लाख यूरो इनामी राशि वाले यूरोपीयन मास्टर्स गोल्फ टूर्नामेंट के चौथे और आखिरी दिन रविवार को छह अंडर-64 का स्कोर करते हुए पांचवें स्थान के साथ टूर्नामेंट का समापन किया।

इंग्लैंड के डैनि विलेट ने ओवरऑल 17 अंडर- 263 के स्कोर के साथ खिताब पर कब्जा जमाया, जबकि उनके हमवतन मैथ्यू फिट्जपैट्रिक एक शॉट से पीछे दूसरे स्थान पर रहे।

एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में इस समय शीर्ष पर मौजूद अनिर्बान ने रविवार को शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले, सातवें, नौवें, 10वें, 14वें, 15वें और 18वें होल पर सात बर्डी लगाए। पांचवें होल पर उन्होंने एकमात्र बोगी लगाई और क्रांस-सर-सियरे गोल्फ क्लब में ओवरऑल 12 अंडर-268 का स्कोर हासिल किया।

अनिर्बान विजेता विलेट से पांच स्ट्रोक पीछे रहे।

टूर्नामेंट में भारत के दूसरे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी शिव कपूर रहे। शिव ने चौथे दिन 67 का स्कोर हासिल कर ओवरॉल पांच अंडर-275 का स्कोर किया और हमवतन एस. एस. पी. चौरसिया के साथ संयुक्त रूप से 24वें स्थान पर रहे।

ज्योति रंधावा टोटल 277 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 37वां, जबकि राशिद खान 287 के स्कोर के साथ संयुक्त 68वां स्थान हासिल कर सके।

मैच के बाद अनिर्बान ने कहा, “मैंने अच्छा खेला, जो राहत देने वाला है। मैं सारे राउंड में एक सा प्रदर्शन करने में असफल रहा। अच्छा प्रदर्शन कर बेहतर महसूस होता है, क्योंकि यहां पिछले कुछ राउंड से मुझे परेशानी हो रही थी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493