सेंटोसा (सिंगापुर), 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत के शीर्ष गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी ने जबरदस्त छलांग लगाते हुए सोमवार को जारी गोल्फ की ताजा विश्व रैंकिंग में 40वां स्थान हासिल किया।
इसके साथ ही लाहिड़ी ने अगले वर्ष होने वाले पहले मेजर टूर्नामेंट मास्टर्स के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
अमेरिका के ऑगस्टा नेशनल गोल्फ क्लब में अप्रैल में होने वाले वर्ष के पहले मेजर टूर्नामेंट मास्टर्स में वर्षात पर विश्व रैंकिंग में शीर्ष-50 में रहने वाले खिलाड़ियों ने खुद ब खुद क्वालीफाई कर लिया।
एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता लाहिड़ी ने इस वर्ष मलेशिया और इंडिया ओपन खिताब जीते, पीजीए चैम्पियनशिप में संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहे और अपने दमदार खेल के बल पर दुनिया के उदीयमान गोल्फ सितारों में शामिल हो गए।
लाहिड़ी पिछले वर्ष मास्टर्स चैम्पियनशिप में इस वर्ष संयुक्त रूप से 49वें स्थान पर रहे।
वेब डॉट कॉम फाइनल्स के जरिए 2016 के लिए पीजीए टूर कार्ड हासिल करने वाले लाहिड़ी ने कहा, “वर्षात पर दुनिया के शीर्ष-50 खिलाड़ियों में शामिल रहते हुए नए वर्ष की शुरुआत करना इस वर्ष मेरा मुख्य लक्ष्य था और अपने लक्ष्य को हासिल कर मैं बेहद खुश हूं।”
एशियन टूर की ओर से जारी वक्तव्य में लाहिड़ी ने कहा, “मेरे लिए इसके काफी मायने हैं, क्योंकि अब मुझे मास्टर्स मेजर टूर्नामेंट में दोबारा खेलने का अवसर मिला है। ऑगस्टा नेशनल के चारों राउंड में खेलना निश्चित तौर पर मेरी इस वर्ष की बड़ी उपलब्धियों में से रही और मैं इस बेहद प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में दोबार लौटने के लिए बेहद उत्सुक हूं।”
बेंगलुरू के लाहिड़ी ने कहा कि वर्षात पर शीर्ष-50 खिलाड़ियों की सूची में थोंगचाई जैदी और किराडेक एफिबार्नराट और मुझे मिलाकर एशियन टूर के तीन खिलाड़ियों का शामिल होना एशिया क्षेत्र की इस खेल में लगातार बढ़ रही ऊंचाई को दर्शाता है।
एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में चौथे स्थान पर रहे एस. एस. पी. चौरसिया हालांकि विश्व रैंकिंग में दो स्थान नीचे 213वें पायदान पर फिसल गए, हालांकि वह भारत के दूसरे सर्वोच्च वरीय खिलाड़ी रहे।
भारत के ही राशिद खान भी एक स्थान फिसलकर 292वें पायदान पर चले गए, जबकि चिराग कुमार तीन स्थान की छलांग लगाते हुए 296वें पायदान पर पहुंच गए।
अनुभवी भारतीय गोल्फ खिलाड़ी ज्योति रंधावा को भी एक स्थान का नुकसान हुआ। वह 398वें पायदान पर खिसक गए, जबकि राहिल गंगजी तीन स्थान फिसलकर 423वें पायदान पर पहुंच गए।
dharmpath.com dharmpath