गोल्फ : संयुक्त पांचवां स्थान हासिल कर मेजर में श्रेष्ठ भारतीय बने लाहिरी (राउंडअप)

हावेन (विसकोंसिन), 17 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय स्टार गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बान लाहिरी ने ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए वर्ष के आखिरी मेजर टूर्नामेंट एक करोड़ डॉलर इनामी राशि वाली प्रोफेशनल गोल्फर्स एसोसिएशन (पीसीए) चैम्पियनशिप में संयुक्त रूप से पांचवां स्थान हासिल किया। अपने इस शानदार प्रदर्शन के बल पर लाहिरी ने सोमवार को जारी विश्व रैंकिंग में 15 स्थानों की छलांग लगाते हुए 38वां स्थान हासिल कर लिया।

यह टूर्नामेंट गोल्फ के चार मेजर टूर्नामेंटों में से एक है और लाहिरी अब मेजर आयोजनों में सबसे अच्छा स्थान हासिल करने वाले भारतीय बन गए हैं। लाहिरी ने इससे पहले पीजीए चैम्पियनशिप-2008 में संयुक्त रूप से आठवें स्थान पर रहे भारतीय दिग्गज जीव मिल्खा सिंह को पछाड़ा।

विश्व रैंकिंग में लाहिरी को मिली बढ़त के बाद अक्टूबर में दक्षिण कोरिया में होने वाले प्रेसिडेंट्स कप में अमेरिका के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय टीम के लिए उनका खेलना लगभग सुनिश्चित हो गया है।

लाहिरी ने 97वें पीजीए चैम्पियनशिप के पहले तीन राउंड में 70, 67 और 70 स्कोर हासिल किए और चौैथे राउंड में बेहतरीन चार अंडर 68 स्कोर के साथ इतिहास कायम करने में सफल रहे।

लाहिरी 72 होल के बाद अपना स्कोर 13 अंडर 275 तक ले जाने में कामयाब रहे। वह चैम्पियन जेसन डे (आस्ट्रेलिया) से सात शॉट पीछे रहे।

इससे पहले भारत के लिए किसी भी मेजर आयोजन में जीव मिल्खा सिंह ने 2008 में सबसे अच्छा संयुक्त रूप से नौवां स्थान हासिल किया था।

अंतिम राउंड में लाहिरी ने पहले, पांचवें, छठे, नौवें, 11वें और 16वें होल पर बर्डी लगाई और 10वें तथा 18वें होल पर बोगी लगाकर निराश हुए लेकिन इसके बावजूद उनका स्कोर उन्हें सम्मान दिलाने के लिए काफी था।

लाहिरी ने कहा, “यह सप्ताह शानदार रहा। मैं यह नहीं कह सकता कि मैं दौड़ में था क्योंकि मुझे अभी इसके लिए काफी लम्बा रास्ता तय करना है लेकिन पांचवां स्थान भी मेरे लिए बहुत खास है।”

बकौल लाहिरी, “यह सफलता मेरे लिए काफी मायने रखती है। इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। अब मैं यह सोच रहा हूं कि मैं भी कठिन से कठिन कोर्स और हालात में प्रतिस्पर्धा के लायक हो चुका हूं। साथ ही मैंने यह भी सीखा कि बेहतर करने के लिए मुझे और सुधार की जरूरत है।”

लाहिरी के इस शानदार प्रदर्शन पर एशियन टूर गोल्फ के अध्यक्ष की हला हान ने उनकी जमकर सराहना की। हला हान ने कहा कि लाहिरी एशिया के गोल्फ खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को प्रेरणा प्रदान करेंगे।

हान ने कहा, “अनिर्बान उन कुछ विशेष प्रतिभाओं में से हैं, जो हाल के दिनों में एशियन टूर से उभरे हैं। हम 2008 में गैरे पेशेवर खिलाड़ी रहे अनिर्बान के करियर में आश्चर्यजनक उड़ान के गवाह हैं। उन्होंने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है हम सभी उनकी सफलता पर बेहद खुश हैं।”

लाहिरी ने अब तक कुल सात मेजर में हिस्सा लिया है। वह इस साल चार मेजर खेल चुके हैं। अर्जुन पुरस्कार से नवाजे जा चुके लाहिरी ने इस साल की शुरुआत में ब्रिटिश ओपन में हिस्सा लेते हुए 30वां स्थान हासिल किया था। वह इस साल मलेशियन ओपन और इंडियन ओपन खिताब जीत चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493