न्यूयॉर्क में अब तक की सबसे विशाल इंडिया डे परेड

न्यूयॉर्क, 17 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका में बसे हजारों भारतीय, बॉलीवुड की हस्तियों और नेताओं की मौजूदगी ने 35वीं इंडिया डे परेड को एक शानदार और ऐतिहासिक शक्ल दे दी।

69वें स्वतंत्रता दिवस को मनाने के लिए आयोजित इस परेड को भारत के बाहर हुई सबसे बड़ी स्वतंत्रता दिवस परेड के रूप में देखा जा रहा है। परेड की शुरुआत रविवार को स्काटलैंड की पारंपरिक स्कर्ट और स्काटलैंड के ही बैगपाइप बैंड की धुन पर एक तिरंगे को लहराने के साथ हुई।

मेट्रो डॉट यूएस न्यूज पोर्टल ने बताया कि मैनहट्टन के दिल कहे जाने वाले मैडिसन एवेन्यू में परेड निकाली गई।

परेड के ग्रैंड मार्शल अभिनेता अर्जुन रामपाल थे। अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा मुख्य अतिथि थीं। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, भारत के महावाणिज्यदूत दयानेश्वर मुलय और कांग्रेस नेता शशि थरूर भी मौजूद थे।

न्यूयॉर्क के पुलिस विभाग और इंडिया टेंपल आर्गनाइजेशन के बैंड ने भारत और अमेरिका के राष्ट्रगीत बजाए।

परेड की शान बढ़ाने वालों में क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग भी शामिल थे।

परेड में संगीतकार शंकर महादेवन, टीवी अभिनेता आमिर अली, टीवी अभिनेत्री संजीदा शेख और भारतीय मूल के अमेरिकी गायक जेफरी इकबाल भी जोश खरोश से हिस्सा लेते देखे गए।

परेड मैडिसन एवेन्यू के 20 मार्गो से गुजरी। इसमें भारतीय-अमेरिकी संस्थाओं की कई झाकियां शामिल थीं। म्यूजिक बैंड थे, पुलिस के दल थे और बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर रहे थे।

पेरड का समापन एक रंगारंग भारतीय मेले के साथ हुआ। इसमें भारतीय पकवानों की सुगंध घुली हुई थी। भारतीय हस्तशिल्प और कपड़े अपना जलवा बिखेर रहे थे।

इस परेड का आयोजन फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन (एफआईए) 1981 से करता आ रहा है। एफआईए न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और कनेक्टीकट के भारतीय मूल के लोगों का सबसे बड़ा संगठन है। यह तकरीबन 500,000 लाख भारतवंशियों का प्रतिनिधित्व करता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493