गोल्फ : हो त्राम ओपन में भुल्लर, गंगजी, हिम्मत को संयुक्त 7वां स्थान

हो त्राम (वियतनाम), 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत के गगनजीत भुल्लर, राहिल गंगजी और हिम्मत राय ने गुरुवार को 15 लाख डॉलर इनामी राशि वाले हो त्राम ओपन गोल्फ टूर्नामेंट के पहले राउंड में संयुक्त रूप से सातवां स्थान हासिल किया।

तीनों भारतीय गोल्फ खिलाड़ियों ने समान रूप से पांच अंडर 66 का स्कोर हासिल किया।

तीनों खिलाड़ी शीर्ष स्थान हासिल करने वाले दक्षिण कोरिया के चार्ली वी से चार शॉट पीछे हैं। चार्ली वी ने कोर्स पर नया रिकॉर्ड कायम करते हुए नौ अंडर 62 का स्कोर किया और दो शॉट से बढ़त ले रखी है।

वी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले ही दिन 10 बर्डी लगाए।

थाईलैंड के दांथाई बूनमा और 18 एशियन टूर खिताब जीत चुके थावोर्न विराटचैंट संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।

भारतीय खिलाड़ी भुल्लर शुरुआती नौ होल तक तो बेहद संभलकर खेलते रहे और एक बर्डी और एक बोगी के साथ पार स्कोर पर चल रहे थे, लेकिन मध्यांतर के बाद उन्होंने जबरदस्त लय हासिल की और 10वें, 12वें, 14वें, 15वें तथा 16वें होल पर पांच बर्डी लगाए।

पहले दौर के बाद भुल्लर ने कहा, “वास्तव यह काफी आसान कोर्स है। अनेक होल काफी पुट के लिए काफी सहज हैं। पार पांच वाले कई होल पर तो दो शॉट में पुट हासिल किया जा सकता है। लीडरबोर्ड में भी आप देख सकते हैं कि खिलाड़ियों ने इसका भरपूर फायदा भी उठाया है। इस वर्ष खेले अब तक के सभी कोर्स में से संभवत: यह सबसे अच्छा कोर्स है।”

राहिल गंगजी ने भी दमदार प्रदर्शन किया और सात बर्डी लगाए, हालांकि दो बोगी ने उन्हें संयुक्त सातवें स्थान के लिए मजबूर किया।

अनुभवी भारतीय खिलाड़ी ज्योति रंधावा और युवा एस. चिक्का की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। दोनों एक ओवर 72 के समान स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 75वें स्थान पर रहे, जबकि चिराग कुमार और राशिद खान दो ओवर 73 के समान स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 93वां स्थान हासिल कर सके।

इसके अलावा खलिन जोशी ने 77 और शुभंकर शर्मा ने 78 का स्कोर किया और क्रमश: संयुक्त 111वां और संयुक्त 114वां स्थान हासिल किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493