पणजी, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) की गोवा इकाई के संयोजक एल्विस गोम्स ने मंगलवार को गोवा विधानसभा चुनाव में चार फरवरी को इस्तेमाल की गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।
पणजी में एक संवाददाता सम्मेलन में गोम्स ने कहा कि आप के उम्मीदवार ने उनसे ईवीएम में धांधली किए जाने की शिकायत की थी। आप को विधानसभा चुनाव में एक भी सीट पर जीत नहीं मिली।
यह पूछे जाने पर कि क्या आप ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की बात मानते हैं? गोम्स ने कहा, “अब पाया गया है कि ईवीएम से छेड़छाड़ हो सकती है और पार्टी ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है। मैं इस बिंदु पर कह सकता हूं कि छेड़छाड़ हो सकती है।”
आप ने पंजाब में भी ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। गोम्स ने कहा कि उनकी पार्टी के पांच उम्मीदवारों ने गोवा में चुनाव के दौरान ईवीएम में धांधली की शिकायत की।
गोवा में आप ने राज्य विधानसभा की 40 सीटों में से 39 पर चुनाव लड़ा था, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत पाई।
उन्होंने कहा, “जहां तक हमारे उम्मीदवारों का सवाल है, जब हमने चुनाव बाद विश्लेषण किया तो (ईवीएम से छेड़छाड़ की संभावना) शिकायतें आईं।”
गोम्स ने कहा, “हमने इसकी जांच कर ली है। हां, इसकी जानकारी औपचारिक तौर पर मुझे दी गई है।”
उन्होंने कहा कि पार्टी के चार-पांच उम्मीदवारों ने उनसे ईवीएम में हेराफेरी की शिकायत की है।
dharmpath.com dharmpath