पणजी, 27 मार्च (आईएएनएस)। गोवा विधानसभा में बुधवार रात बड़ी राजनीतिक उठापटक के बाद महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायक – मनोहर अजगाओंकर और दीपक पौस्कर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। दोनों विधायकों ने आधी रात को मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विनय तेंदुलकर की उपस्थिति में विधानसभा के उपाध्यक्ष माइकल लोबो को पत्र देकर भाजपा की सदस्यता ले ली।
इसके साथ ही भाजपा के 14 विधायक हो गए हैं और अब वह विपक्षी पार्टी कांग्रेस के बरावर हो गई है।
माइकल लोबो ने बुधवार को कहा कि रात 1.45 बजे राजनीतिक विभाजन करने में कुछ भी गलत नहीं है।
बुधवार तड़के एमजीपी के इन दोनों विधायकों के भाजपा में विलय करने का पत्र स्वीकार करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए लोबो ने यह भी कहा कि विधानसभा के अध्यक्ष के तौर पर 24 घंटे काम के लिए तैयार रहना होता है।
उपाध्यक्ष के तौर पर लोबो की निगरानी में यह विलय हुआ। साल 2017 से पिछले सप्ताह तक विधानसभा अध्यक्ष रहे प्रमोद सावंत ने 19 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए विधानसभा अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था।
dharmpath.com dharmpath