गोवा कांग्रेस ने संस्कृति मंत्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई

पणजी, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। गोवा कांग्रेस ने केंद्रीय संस्कृति मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता महेश शर्मा के खिलाफ अल्पसंख्यक धर्मो के खिलाफ कथित तौर पर नफरत फैलाने वाले बयान देने को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

कांग्रेस प्रवक्ता सुनील कवथांकर ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने अपनी टिप्पणी से ईसाइयों और मुस्लिमों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

कवथांकर पार्टी के उन दो पदाधिकारियों में से एक हैं, जिन्होंने पणजी पुलिस थाने में महेश शर्मा के खिलाफ दायर शिकायत पर हस्ताक्षर किए हैं।

उन्होंने कहा, “ईसाइयों और मुस्लिमों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के दुर्भावनापूर्ण इरादे के कारण बयानबाजी में वह इतना आगे बढ़ गए कि उसे हमारे राष्ट्र के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को नष्ट करने और विभिन्न धर्मो के लोगों के बीच धार्मिक कलह पैदा करने वाला एक नफरतपूर्ण बयान कहा जा सकता है।”

उल्लेखनीय है कि महेश शर्मा ने इस सप्ताह एक राष्ट्रीय समाचार चैनल पर एक साक्षात्कार में कहा था, “मैं बाइबल और कुरान का सम्मान करता हूं, लेकिन वे भारतीय जनमानस के दिल के उतने करीब नहीं हैं, जितनी गीता और रामायण है।”

उन्होंने बाद में अपनी सफाई में कहा था कि उनके बयान को गलत समझ लिया गया।

पणजी पुलिस थाने से जुड़े सूत्रों ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मामला दर्ज नहीं हुआ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493