गोवा की राज्यपाल ने संस्कृति मंत्री से भेंट की

नई दिल्ली, 13 मार्च (आईएएनएस)। गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय पर्यटन (स्वतंत्र प्रभार), संस्कृति (स्वतंत्र प्रभार) एवं नागरिक विमानन राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा से भेंट की। मृदुला सिन्हा ने आग्रह किया कि सरकार द्वारा एक ‘संस्कृति पत्रिका’ प्रकाशित की जानी चाहिए, जिसमें हर राज्य का अपना संस्करण होगा।

उन्होंने कहा कि इससे देश की संस्कृति के बारे में जागरूकता बढ़ाने और पयर्टन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

मृदुला सिन्हा ने कहा कि ‘अतिथि देवो भव:’ का नारा जीवन के हर क्षेत्र में परिलक्षित होना चाहिए तथा पयर्टन को आरामदेह बनाने के लिए तमाम कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी प्रस्ताव किया कि एक वैश्विक पर्यटन विश्वविद्यालय स्थापित किया जाना चाहिए, जो पयर्टन उद्योग के साथ-साथ इससे जुड़ी सेवाओं के क्षेत्र के बारे में शिक्षा प्रदान करने वाला एक विश्वस्तरीय संस्थान होगा।

राज्यपाल ने कहा कि यह भारत में अपनी तरह का पहला संस्थान होगा जो समूचे सेवा उद्योग के लिए कुशल संसाधनों का सृजन करेगा तथा यह कुशल भारत की दिशा में एक अहम कदम होगा।

डॉ. महेश शर्मा ने गोवा में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गोवा सरकार को हरसंभव सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493