पणजी, 25 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना का डोर्नियर चौकसी विमान मंगलवार रात अरब सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें सवार नौसेना के तीन अधिकारियों में से एक को बचा लिया गया है, जबकि दो अभी भी लापता हैं, जिनमें से एक महिला अधिकारी हैं। लापता महिला अधिकारी के पति भी नौसेना में है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
दुर्घटनाग्रस्त विमान गोवा के डाबोलिम के पास स्थित भारतीय नौसेना स्टेशन आईएनएस हंस के नौसेना स्क्वाड्रन 301 का हिस्सा था।
अधिकारी ने बताया कि विमान एक प्रशिक्षण उड़ान पर था और मंगलवार रात 10.02 बजे नियंत्रण कक्ष का विमान से संपर्क टूट गया था। उस वक्त वह समुद्र के ऊपर उड़ान भर रहा था।
एक अधिकारी ने बताया, “कमांडर निखिल जोशी को उस क्षेत्र में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने बचाया। चालक सहित अन्य लापता लोगों के लिए तलाशी अभियान जारी है। हमने उन्हें बचाने के लिए नौसेना के छह जहाज और चार विमान भेजे हैं।”
नौसेना ने कहा, “वर्तमान में वह करवार के नौसेना अस्पताल में हैं और उनकी हालत स्थिर है।”
विमान दुर्घटना की जांच का आदेश दे दिया गया है।
एक अधिकारी ने कहा कि भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल रॉबिन धवन बुधवार सुबह गोवा पहुंचे और चालक दल के सदस्यों के परिजनों से मुलाकात की।
धपन ने कमांडर जोशी से भी मुलाकात की, जिन्हें मछुआरों ने बचा लिया।
शाम को दिल्ली रवाना होने के पहले नौसेना प्रमुख ने तलाशी व बचाव अभियान का जायजा लिया।
भारतीय तटरक्षक के दो जहाजों सहित कुल 12 जहाज तलाशी अभियान में लगे हैं। तलाशी अभियान में चार विमानों को भी लगाया गया है।
आईएनएस सतपुड़ा, आईएनएस बेतवा, आईएनएस सुभद्रा, आईएनएस कोरुवा, आईएनएस कोंडुल, आईएनएस मकर, आईएएनएस मतंगा और आईसीजीएस अमल सहित नौ जहाज नौसेना के कुछ विमानों के साथ इलाके में राहत और बचाव कार्य के लिए मौजूद हैं।
अधिकारी ने बताया, “जब आखिरी बार संपर्क हुआ था, तब विमान गोवा से दक्षिण-पश्चिम में 20 समुद्री मील की दूरी पर था।”
dharmpath.com dharmpath