गोवा चुनाव : वेलिंगकर, शिवसेना ने रेव पार्टियों पर पाबंदी का वादा किया

पणजी, 28 जनवरी (आईएएनएस)। गोवा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व प्रमुख सुभाष वेलिंगकर के गोवा सुरक्षा मंच (जीएसएम) तथा शिवसेना ने शनिवार को एक संयुक्त चुनाव घोषणापत्र जारी किया, जिसमें राज्य में होने वाली रेव पार्टियों पर पाबंदी लगाने का वादा किया गया है। महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के साथ जीएसएम, शिवसेना गठबंधन कर चुनाव लड़ रही है।

शिवसेना तथा जीएसम द्वारा जारी घोषणा पत्र के मुताबिक, “रेव पार्टी तथा इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक पर प्रतिबंध लगेगा।”

बीते कुछ वर्षो के दौरान गोवा ईडीएम फेस्टिवल के लिए एक महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में उभरा है, जहां सनबर्न तथा वीएच1 सुपरसोनिक जैसे कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए हैं और इनमें हजारों संगीत प्रेमियों ने हिस्सा लिया।

घोषणा पत्र में उन स्कूलों को दिए जाने वाले अनुदानों में भी कमी करने की घोषणा की गई है, जहां अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई होती है।

डायोसिसान सोसायटी ऑफ एजुकेशन द्वारा संचालित अंग्रेजी माध्यम के अधिकांश स्कूलों को वित्तीय सहायता देने को लेकर ही वेलिंगकर तथा गोवा भाजपा के बीच मतभेद हुए थे।

वेलिंगकर ने भाजपा पर अल्पसंख्यक समुदाय को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था, वहीं भाजपा ने तर्क दिया था कि अल्पसंख्यक संस्थान किसी भी कीमत पर संचालित किए जाएंगे। हालांकि भाजपा जब विपक्ष में थी, तब उसने इन स्कूलों को वित्तीय सहायता का विरोध किया था।

घोषणापत्र में गोवा में मादक पदार्थो के व्यापार का दमन करने तथा वीआईपी लोगों की सुरक्षा में कमी करने का भी वादा किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493