पणजी, 25 जनवरी (आईएएनएस)। गोवा के साडा उपकारागार से मंगलवार रात भागने के विफल प्रयास के दौरान एक कैदी की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं।
पुलिस उपधीक्षक लॉरेंस डिसूजा ने बुधवार को कहा कि मारपीट के दौरान हुई चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल होने के कारण विनायक कोरबाटकर की मौत हो गई।
अधिकारी ने कहा, “वह अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।”
कोरबाटकर ने इस साल प्रारंभ मे एक अन्य कैदी अशपक बेंगरे पर चाकू से हमला किया था।
दक्षिण गोवा के जिलाधिकारी स्वप्निल नाईक ने संवाददाताओं से कहा कि कैदियों को नवनिर्मित कोलवाले केंद्रीय कारागार में स्थानान्तरित करने की पूर्व संध्या पर यह घटना हुई। नई जेल पणजी से 15 किलोमीटर दूर उत्तर में स्थित है।
नाईक ने कहा, “जेल में दो गुटों के बीच मारपीट के बाद जेल से भागने की कोशिश हुई। बाद में कैदियों ने जेल गार्ड पर हमले किए और मुख्य द्वार से भागने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया।”
45 कैदियों और विचाराधीन कैदियों ने मंगलवार देर रात जेल के सुरक्षा गार्ड पर हमला करने के बाद उपकारागार से भागने की कोशिश की। यह उपकारागार पणजी से 40 किलोमीटर दूर स्थित है, जिसकी मरम्मत का काम चल रहा है।
कुछ जेल कर्मियों को भी मामूली चोटें लगी हैं। एक सरकारी अस्पताल में नौ कैदी और चार गार्ड का इलाज किया गया।
जेल को नियंत्रण में लेने तथा कैदियों को भगने से रोकने में कई घंटे लगे।
dharmpath.com dharmpath