पणजी, 3 जनवरी (आईएएनएस)। विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि दक्षिण गोवा के एक गांव में चुपके से वायु सेना अड्डा बनाने की तैयारी चल रही है। गोवा में इस साल डिफेंस एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है जिसका स्थानीय नेता विरोध कर रहे हैं।
कांग्रेस ने कहा कि बेतुल गांव के निकट भारतीय वायु सेना का अड्डा बनाने की तैयारी है जो कि डिफेंस एक्सपो की बेवसाइट से पता चला है।
गोवा कांग्रेस प्रदेश सचिव दुर्गादास कामत ने आरोप लगाया कि रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर और गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर ने कहा कि बेतुल में 6 लाख वर्गमीटर जमीन अस्थाई तौर पर डिफेंस एक्सपो के लिए लिया गया है जबकि आधिकारिक बेवसाइट पर वहां वायु सेना अड्डा बनाने की बात है।
कामत ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “क्या रक्षा मंत्रालय और गोवा सरकार गोवा में जमीन हड़पने के लिए सांठगांठ कर रही है? इससे पहले एयरफोर्स बेस बनाने की बात क्यों नहीं जनता को बताई गई। अब जबकि जमीन डिफेंस एक्सपो के लिए ली गई है तो वहां एयरफोर्स बेस बनाने की तैयारी की जा रही है।”
पारंपरिक रूप से डिफेंस एक्सपो का आयोजन दिल्ली में किया जाता था। लेकिन प्रगति मैदान में निर्माण कार्य चलने के कारण इसे गोवा शिफ्ट किया गया।
गोवा में डिफेंस एक्सपो स्थाई रूप से आयोजित करने के सवाल पर पारसेकर का कहना है, “इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं किया गया है। पहले हम देखेंगे इस साल यहां मार्च में डिफेंस एक्सपो आयोजित करने से गोवा को क्या फायदा मिलता है। उसके बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा।”
dharmpath.com dharmpath