गोवा : तबादला रोकने के लिए ‘राजनीतिक दबाव’ पर मंत्री सख्त

पणजी, 29 जुलाई (आईएएनएस)। गोवा के जल संसाधन मंत्री विनोद पालयेकर ने अपने विभाग के नौकरशाहों से कहा है कि तीन वर्ष से अधिक समय से उसी पद पर काम कर रहे अधिकारियों का तबादला रोकने के लिए ‘राजनीतिक दबाव’ का इस्तेमाल न किया जाए।

पालयेकर ने एक आधिकारिक आदेश में कहा कि राजनीतिक दबाव डालने के प्रयासों को ‘बेहद गंभीरता से लिया जाएगा।’

पालयेकर ने आदेश में कहा, “देखा गया है कि स्थानांतरित अधिकारी विभिन्न कारणों का हवाला देकर विभाग प्रमुख पर अपने पद पर कायम रखने के लिए राजनीतिक और अन्य किस्म के दबाव डलवाते हैं। हालांकि तबादला उसी मुख्यालय के अधीन किया जाता है।”

आदेश में साथ ही कहा गया है, “किसी को उसी पद पर रखने के लिए डाले जाने वाले ऐसे दबाव विभाग के लिए उचित नहीं हैं और इन्हें गंभीरता से लिया जाएगा। मुख्य अभियंता और प्रशासनिक निदेशक को सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसे प्रकरणों को मेमो जारी करके हतोत्साहित किया जाना चाहिए और उनकी वार्षिक (गोपनीय) रपट में इसका उल्लेख किया जाना चाहिए।”

पालयेकर ने शनिवार को आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उनके विभाग के कई अधिकारियों का रवैया बेहद ढीला-ढाला है और उसे दुरुस्त करने के लिए फेरबदल जरूरी है।

उन्होंने कहा, “मैंने विभाग के अधिकारियों को जल संसाधन मंत्रालय में तबादले को लेकर किसी प्रकार के राजनीतिक दबाव का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493