गोवा : भाजपा की डिजिटीकरण मुहिम पर बरसी चर्च से जुड़ी संस्था

पणजी, 23 जनवरी (आईएएनएस)। गोवा में प्रभावशाली माने जाने वाले रोमन कैथलिक चर्च से जुड़ी सामाजिक संस्था ने एक बयान जारी कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कुशासन और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए राष्ट्रव्यापी डिजिटीकरण मुहिम को ‘परेशान करने वाली’ करार दिया है।

गोवा के चर्च के मातहत और एक रोमन कैथलिक पादरी के नेतृत्व में काम करने वाली काउंसिल फार सोशल जस्टिस एंड पीस (सीएसजेपी) ने आधिकारिक रूप से बयान जारी कर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों की आलोचना की है।

बयान में मीडिया पर कारपोरेट घरानों और सरकार का प्रवक्ता बनने का आरोप लगाते हुए देशवासियों से आह्वान किया गया है कि वे राजनीतिक जानकारी के लिए वैकल्पिक भरोसेमंद स्रोत को हासिल करने की कोशिश करें।

बयान में कहा गया है, “जोर इस बात पर हुआ करता था कि समाज के गरीब तबके को रोटी, कपड़ा, मकान देकर उसे ऊपर लाना होगा। लेकिन, इस सामाजिक नीति को बदलकर अब जोर डिजिटल और नकदीरहित अर्थव्यवस्था पर डाला जा रहा है। यह एक चिंतित करने वाली परिघटना है कि नागरिकों के लिए सरकारी सुविधाओं और जीवन की जरूरी चीजों की खरीद के लिए स्मार्टफोन, एटीएम कार्ड, पेटीएम जैसी चीजों को बुनियादी जरूरत बनाया जा रहा है।”

बयान में कहा गया है, “डिजिटीकरण के नाम पर और सरकारी नीतियों के जरिए आर्थिक विकास, भ्रष्टाचार से निपटने और पारदर्शिता की बात कहकर दरअसल चुनिंदा निजी व्यावसायिक हितों को बढ़ावा देने की कोशिश हो रही है जोकि चिंताजनक है।”

बयान में कहा गया है, “सरकारों के न्यायपालिका और शैक्षिक एवं वित्तीय संस्थानों में अवांछित दखल को सुशासन की निशानी नहीं माना जा सकता। जिम्मेदार नागरिक इस बात की उपेक्षा नहीं कर सकते कि राजकीय एवं गैर राजकीय तत्व (स्टेट एवं नान स्टेट एक्टर्स) शासन के बारे में किसी भी तरह की असहमति अथवा अलग तरह की राय को राष्ट्रविरोधी, देशविरोधी कह कर इसे चुप कराने की कोशिश करते रहें।”

बयान में सरकार की नीतियों से गोवा के पर्यावरण को नुकसान पहुंचने का आरोप भी लगाया गया है। इसमें कहा गया है कि केंद्र सरकार गोवा के प्राकृतिक संसाधनों का जबरन राष्ट्रीयकरण कर रही है। निवेश को बढ़ावा देने के लिए बने बोर्ड पर निशाना साधते हुए कहा गया है कि विकास प्रक्रिया में गांवों और कस्बों में स्थानीय निकायों की अनदेखी की जा रही है।

गोवा की कुल 15 लाख की आबादी में 26 फीसदी जनसंख्या कैथलिक है। राज्य में प्रभावशाली माने जाने वाले आर्कबिशप के प्रवक्ता ने हाल में इस आरोप को गलत बताया था कि रोमन कैथलिक चर्च राज्य की चुनावी राजनीति में दखल दे रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493