पणजी, 17 जनवरी (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को गोवा में अपने चुनाव अभियान के तहत ‘झाड़ू यात्रा’ की शुरुआत की।
झाड़ू आप का चुनाव निशान है।
यात्रा का नेतृत्व गोवा में आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार एल्विस गोम्स कर रहे हैं। इसकी शुरुआत भाजपा नेता व मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर के विधानसभा क्षेत्र मांदरेम से की गई। यात्रा राज्य के सभी 40 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
गोम्स ने मांदरेम में यात्रा की शुरुआत पर संवाददाताओं से कहा, “हम गोवा में कांग्रेस और भाजपा की भ्रष्ट राजनीति को झाड़ू मारकर साफ करने जा रहे हैं। यात्रा का मकसद भ्रष्टाचार और कुशासन के मुद्दे पर जनजागरण करना है।”
आप गोवा की सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 38 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान पार्टी कर चुकी है। पोंडा और सनवोर्देम के प्रत्याशियों के नामों का ऐलान बाकी है।
गोवा में चार फरवरी को वोट पड़ेंगे।
dharmpath.com dharmpath