गोवा में कांग्रेस मध्यावधि चुनाव की तैयारी में : कामत

पणजी, 8 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि आने वाले दिनों में राजनीतिक रूप से संवेदनशील गोवा में कुछ भी हो सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत ने संकेत दिया कि राज्य 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के साथ मध्यावधि चुनाव की ओर बढ़ रहा है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कामत ने कहा कि पार्टी सदस्यों को जोड़ने के लिए एक राज्यस्तरीय पहल शुरू करने की प्रक्रिया में है। पार्टी इसके साथ ही बीमार मुख्यमंत्री और भाजपा गठबंधन के साथियों के बीच संघर्ष को देखते हुए राज्य में शासन के अभाव और भ्रष्टाचार के बारे में जागरूकता फैलाएगी।

उन्होंने कहा, “कोई नहीं जानता कि आने वाले दिनों में क्या होगा। हम उपचुनाव, लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनाव के लिए तैयार हो रहे हैं।”

राज्य में कांग्रेस के दो सदस्यों ने अक्टूबर में भाजपा में शामिल होने के लिए पार्टी छोड़ दी थी, जिसके बाद इन सीटों पर उपचुनाव आवश्यक हो गया है।

कामत ने कहा, “जो कुछ हो रहा है, इससे लोग गुस्से में हैं। हम इस अभियान में लोगों के गुस्से को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। जन संपर्क अभियान के अंतर्गत, हम सभी 40 विधानसभा क्षेत्रों में जनता के घर-घर जाकर सरकार की विफलताओं के बारे में बताएंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493