मुंबई, 22 अगस्त (आईएएनएस)। गोविंदा के साथ मिलकर ‘दीवाना मस्ताना’, ‘हसीना मान जाएगी’, ‘आंखें’ और ‘पार्टनर’ जैसी यादगार मनोरंजक फिल्में दे चुके निर्देशक डेविड धवन का कहना है कि वह निश्चित रूप से अभिनेता के साथ फिर से काम करना चाहेंगे।
डेविड सोमवार को ‘जुड़वा 2’ के ट्रेलर लांच पर उपस्थित हुए। उनसे जब पूछा गया कि क्या मनमोहन देसाई और अमिताभ बच्चन के कामकाजी संबंधों की तरह की डेविड-गोविंदा की जोड़ी को भी याद किया जाएगा और क्या वह गोविंदा के साथ फिर से काम करना चाहेंगे, तो इस पर उन्होंने कहा, “क्यों नहीं, जरूर। मनमोहन देसाई मेरे गुरु के समान हैं और बतौर फिल्मकार मैं उनका अनुसरण करता हूं।”
उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा मनोरंजन के लिए फिल्में बनाई हैं और अब तक कई कलाकारों के साथ काम किया। लेकिन गोविंदा के साथ की फिल्मों ने सिनेमा में इतिहास रचा है। गोविंदा वाकई सबसे अलग हैं। अब मैं अपने बेटे के साथ फिल्म बना रहा हूं।”
‘जुड़वा 2’ वर्ष 1997 में सलमान खान अभिनीत ‘जुड़वा’ का सीक्वल है।
dharmpath.com dharmpath