पणजी, 25 जून (आईएएनएस)। अगर तेलंगाना में गौमांस पर रोक नहीं लगाई गई तो टीआरएस सरकार और गौमांग खाने वालों, दोनों का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक टी. राजा सिंह लोध ने शुक्रवार को यह धमकी दी।
हिन्दू जनजागृति समिति द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर तेलंगाना राष्ट्र समिति की सरकार बूचड़खानों को बंद नहीं करती है तो उन्हें तबाह कर दिया जाएगा, जहां उनके मुताबिक गायों का अवैध रूप से बध किया जाता है।
लोध ने कहा, “चाहे वह अकबदरुद्दीन ओवैसी हो या ओवैसुद्दीन ओवैसी या एमआईएम (मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन) और टीआरएस की सरकार हो। मैं उन्हें गौमांस का सेवन बंद करने और बूचड़खानों को बंद करने की चेतावनी देता हूं। नहीं तो समय आने पर गौमांस खानेवालों और सरकार, दोनों का नामोनिशान मिटा दिया जाएगा।”
लोध ने कहा, “एक तरफ हमारे मुख्यमंत्री (के. चंद्रशेखर राव) गाय की पूजा करते हैं, तो उनके बेटे जो मंत्री भी हैं, वे बूचड़खाने का उद्घाटन करते हैं। मैं मुख्यमंत्री से आग्रह करता हूं कि सभी अवैध बूचड़खानों और सरकारी बूचड़खानों में गायों के बध को बंद करवाएं। अगर इन्हें नहीं रोका गया तो हम इन सभी बूचड़खानों को जलाकर राख कर देंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह उनकी पार्टी द्वारा शासित सभी राज्यों में गायों का बध करनेवाले बूचड़खानों को बंद करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं, लेकिन गोवा में भाजपा सरकार होने के बावजूद गायों का बध करने पर रोक नहीं है। उन्होंने इसे ‘शर्मनाक’ बताया।
संयोग से गोवा में गायों को काटने पर कानूनी रूप से रोक लगी हुई है और केवल पुराने और आर्थिक रूप से बेकार साढ़ों और भैसों को ही काटने की अनुमति है।
dharmpath.com dharmpath