गौरी लंकेश की हत्या पर प्रधानमंत्री चुप क्यों : प्रकाश राज

बेंगलुरू, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। वरिष्ठ कन्नड़ पत्रकार और कार्यकर्ता गौरी लंकेश की हत्या के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी की आलोचना करते हुए दक्षिण भारत के लोकप्रिय अभिनेता प्रकाश राज ने कहा है कि यह निराशाजनक है कि प्रधानमंत्री सोशल मीडिया पर उन लोगों को फालो करते हैं, जो लंकेश की हत्या का जश्न मनाते हैं।

बेंगलुरू में डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवायएफआई) की 11वीं राज्यस्तरीय बैठक में राज ने कहा, “गौरी के हत्यारों को अभी तक पकड़ा नहीं गया है। लेकिन निराशाजनक बात यह है कि लोग सोशल मीडिया पर उनकी मौत का जश्न मना रहे हैं और घृणा फैला रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “कुछ लोग जो गौरी की हत्या का जश्न मना रहे हैं, उन्हें ट्वीटर पर हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फालो भी करते हैं। हमारे पास ऐसा प्रधानमंत्री है, जो इस घटना पर आंखें बंद कर लेता है।”

राज ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, “जब आप आदित्यनाथ के बयानों को सुनते हैं, तब आप यह नहीं समझ पाते कि वह एक मुख्यमंत्री हैं या एक पुजारी हैं।”

उन्होंने व्यंग्यात्मक भावना से कहा, “आदित्यनाथ मुझसे भी अच्छा अभिनेता है। मैं सोच रहा हूं कि मुझे अपने सारे राष्ट्रीय पुरस्कार उन्हें दे देने चाहिए।”

राज के वक्तव्य को साफ करते हुए, डीआईएफआई के राज्य अध्यक्ष मुनीर कटिपल्ला ने आईएएनएस से कहा, “यह केवल एक व्यंग्यपूर्ण टिप्पणी थी, जिसमें प्रकाश राज ने उल्लेख किया था कि आदित्यनाथ कैसे मुख्यमंत्री की तरह काम करने की कोशिश कर रहे हैं।”

आईएएनएस ने स्पष्टीकरण के लिए प्रकाश राज से संपर्क करने के लिए कई कोशिशें की कि क्या वह वाकई में अपने राष्ट्रीय पुरस्कार लौटाने की योजना बना रहे हैं। लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493