दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में फुटबाल के प्रचार हेतु इंडियन सुपर लीग फ्रेंचाइजी दिल्ली डायनामोज कई ग्रास रूट प्रोग्राम्स के जरिए बीते एक साल में करीब 27,744 बच्चों तक अपनी पहुंच बनाने में सफल रहा है।
इन कार्यक्रमों में फुटबाल से जुड़े महोत्सव और प्रतियोगिताएं शामिल रही हैं। इसके लिए क्लब स्कूलो, कॉलेजों और कई समुदायों तक पहुंचा।
अपने ग्रास रूट प्रोग्राम्स के जरिए क्लब ने राजधानी दिल्ली में एक स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने और खेलों में विविधता तथा समानता के लक्ष्य पर ध्यान दिया।
पिछले साल से लेकर अब तक हुए कई कार्यक्रमों में सभी वर्गो एवं उम्र के लोगों ने हिस्सा लिया।
दिल्ली डायनामोज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष शाह ने कहा, “ग्रास रूप स्तर पर किया गया हमारा यह कार्य ही हमारे क्लब की परिभाषा है। इसके जरिए हम शहर के लोगों के संपर्क में रहते हैं। मोटापा, उच्च रक्तचाप जैसी कई बीमारियां महामारी के स्तर पर पहुंच गई हैं। इसलिए, जरूरी है कि दिल्ली का हर नागरिक किसी भी प्रकार के शारीरिक गतिविधि से जुड़ा रहे। यहीं हमारा प्रयास है। इसके जरिए हम फुटबाल के प्रति लोगों में प्रेम को भी जगा रहे हैं।”
क्लब ने इस दौरान स्पेशल ओलम्पिक्स भारत के साथ भी साझेदारी की और यूनीफाइड कप के लिए उसका आधिकारिक प्रशिक्षण साझेदार बन गया है, जो इस साल के अंत में शिकागो में आयोजित होगा।
dharmpath.com dharmpath