ग्रीस के बैंक बुधवार तक बंद रहेंगे

एथेंस, 7 जुलाई (आईएएनएस)। ग्रीस सरकार ने सप्ताह भर के बैंक अवकाश को बुधवार तक के लिए बढ़ा दिया है। वहीं सरकार मंगलवार को यूरोसमूह की एक आपात बैठक में अपनी ओर से नई राहत शर्ते पेश करेगी और मंगलवार को ही शाम को विशेष यूरोजोन बैठक में हिस्सा लेगी।

उल्लेखनीय है कि रविवार के जनमत संग्रह में ग्रीस की जनता ने कर्जदाताओं की शर्तो को खारिज कर दिया है, जिसके बाद ग्रीस के यूरोजोन से बाहर निकलने की आशंका प्रबल हो गई है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, ग्रीस के उप वित्त मंत्री दमित्रिस मर्दास, ग्रीक बैंक एसोसिएशन के प्रमुख लौका कत्सेली और अन्य बैंक अधिकारियों की सोमवार रात हुई बैठक के बाद बैंकों का अवकाश बढ़ाने का फैसला किया गया।

इस दौरान पेंशनभोगियों और बेरोजगारों को सामाजिक सहायता देने के लिए गत सप्ताह की भांति 1,000 बैंक शाखाएं खुली रहेंगी। सामाजिक सहायता के तहत इन शाखाओं से हर सप्ताह अधिकतम 120 यूरो (131.50 डॉलर) की निकासी की जा सकती है, जबकि डेबिट कार्ड के जरिए एटीएम से रोजाना अधिकतम 60 यूरो की निकासी करने की सुविधा दी गई है।

मंगलवार को ब्रसेल्स में हो रही बैठक के बाद सरकार अवकाश को समाप्त करने या पूंजी निकासी पर लगाए गए नियंत्रण में बदलाव करने का फैसला कर सकती है।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, ग्रीस मंगलवार को यूरोपीय स्थिरता व्यवस्था के तहत दो साल की अवधि वाले 29 अरब यूरो के राहत कार्यक्रम का प्रस्ताव फिर से पेश कर सकता है। उसने जुलाई के शुरू में भी यह प्रस्ताव रखा था, जिसे कर्जदाताओं ने खारिज कर दिया था।

यूरोपीय अधिकारियों और वित्तीय विशेषज्ञों ने 20 जुलाई से पहले समझौता कर लेने की चेतावनी दी है, क्योंकि उस दिन तक ग्रीस को यूरोपीय केंद्रीय बैंक के कर्ज की 3.5 अरब यूरो की किस्त चुकानी है।

ग्रीस 30 जून को अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के कर्ज की एक किस्त चुकाने से चूक गया था और अब उसके बकाएदारों की सूची में शामिल है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493