जम्मू, 7 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय चौकियों पर मंगलवार को पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी की। पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम उल्लंघन की इस घटना में एक भारतीय सैनिक घायल हो गया।
रक्षा प्रवक्ता कर्नल मनीष मेहता ने आईएएनएस से कहा, “पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और हमारी चौकियों पर छोटे और स्वाचालित हथियारों से गोलीबारी की।”
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से सुबह 9.45 बजे के करीब गोलीबारी शुरू हुई। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने भी उसी क्षमता के हथियारों से पाकिस्तान की गोलीबारी का जवाब दिया।
उन्होंने कहा, “एक भारतीय सैनिक को गोली छूकर निकल गई। अंतिम रपट मिलने तक उसकी हालत स्थिर थी।”
नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा रेखा पर कई दिनों की शांति के बाद संघर्ष विराम उल्लंघन का मामला सामने आया है।
कश्मीर घाटी के कुपवाड़ा जिला स्थित नौगांव सेक्टर में सोमवार को पाकिस्तान की गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान शहीद हो गया था।
पाकिस्तान रेंजर्स ने भी सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर जम्मू जिले में भारतीय सीमा चौकियों पर गोलीबारी की थी।
dharmpath.com dharmpath