नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। रिलीज से पहले ही बॉलीवुड फिल्म ‘ग्रेट ग्रैंड मस्ती’ इंटरनेट पर लीक हो गई और राष्ट्रीय राजधानी से फिल्म की नकली सीडी बेचते नौ लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
गौरतलब है कि इंटरनेट पर लीक हुई ‘ग्रेट ग्रैंड मस्ती’ फिल्म सेंसर बोर्ड को दी गई प्रति है, क्योंकि फिल्म पर वाटरमार्क में सेंसर बोर्ड अंकित है।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दिल्ली में विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर करण कुमार, विशाल कुमार, अमित गुप्ता, विक्रम कुमार, देवेंदर बसोया, घनश्याम कुमार, नफीश अहमद, दीपक कुमार और राहुल कुमार को बुधवार को फिल्म की नकली सीडी बेचते गिरफ्तार किया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र यादव ने कहा कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति लाजपत मार्केट, चांदनी चौक, कोटला मुबारकपुर, मालवीय नगर, तुगलकाबाद एक्सटेंशन और ओल्ड सीमा पुरी में अपनी दुकानें चलाते हैं।
उन्होंने बताया, “ये सभी पिछले कई वर्षो से रिलीज होने से पहले फिल्मों की नकली सीडी बनाने और बेचने के धंधे में लिप्त हैं।”
उन्होंने बताया कि फिल्म निर्माता बालाजी टेलीफिल्म्स से मिली जानकारी के आधार पर की गई छापेमारी में फिल्म की ढेरों नकली सीडियां मिली हैं, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है।
कथित तौर पर ग्रेट ग्रैंड मस्ती फिल्म की सेंसर प्रति सोमवार को इंटरनेट पर लीक हो गई, जिसके बाद फिल्म निर्माता कंपनी ने फिल्म को 15 जुलाई के बजाय 22 जुलाई को रिलीज करने का निर्णय लिया।
dharmpath.com dharmpath