भाजपा ने आप पर लगाया धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप

नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को पंजाब वासियों की धार्मिक भावनाएं भड़काने और राज्य में सामुदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

भाजपा ने आप नेता नरेश यादव और आशीष खेतान को पार्टी से निलंबित किए जाने और पंजाबवासियों से माफी मांगने की मांग भी की।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव आर.पी. सिंह ने कहा, “आप नेता लगातार पंजाब में सामुदायिक सौहार्द बिगाड़ने में लगे हुए हैं। अरविंद केजरीवाल को तत्काल नरेश यादव और आशीष खेतान को पार्टी से निलंबित करना चाहिए और पंजाब की जनता से माफी मांगनी चाहिए।”

पंजाब पुलिस ने मंगलवार को आप नेता नरेश यादव से 24 जून को पंजाब के मालेरकोटला में कुरान के अपवित्रीकरण मामले में कथित संलिप्तता को लेकर पूछताछ की थी। यादव ने खुद को पाक-साफ बताते हुए इसे सत्तारूढ़ गठबंधन की साजिश बताया था।

आप नेता आशीष खेतान ने भाजपा के घोषणा-पत्र को सिखों के धर्मग्रंथ गुरु ग्रंथ साहिब से तुलना की थी, उनके खिलाफ भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493