भोपाल, 7 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में बीते दो दिनों में हुई भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, वहीं आगामी दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस बीच लोक शिक्षण संचालनालय ने दो दिन आठ और नौ जुलाई को विद्यालयों में अवकाश घोषित करने का अधिकार जिलाधिकारियों को दिया है।
जबलपुर और सागर के जिलाधिकारियों ने इस आदेश के आधार पर विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
लोक शिक्षण आयुक्त नीरज दुबे ने गुरुवार को सभी जिलाधिकारियों को एक पत्र लिखकर कहा कि आगामी दो दिनों में राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा और विद्यालय भवनों की आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक प्रयोगों की दृष्टि से जिलाधिकारी अपने स्तर पर आगामी दो दिन आठ और नौ जुलाई को विद्यालय बंद रखने के निर्णय ले सकेंगे।
लोक शिक्षण आयुक्त की इस हिदायत को ध्यान में रखकर जबलपुर और सागर के जिलाधिकारियों ने दो दिन तक अपने जिलों में विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया है।
dharmpath.com dharmpath