ग्वालियर-मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित शीतला माता मंदिर में हुए दर्दनाक हादसे के बाद सोमवार को ट्रॉमा सेंटर पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव को विरोध का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं हो पाने पर एक महिला नाराज हो गई और उनकी गाड़ी के सामने लेट गई। सुरक्षाकर्मियों ने महिला को हटाया जिसके बाद मुख्यमंत्री वहां से रवाना हो गए। इसी दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ को थप्पड़ मारने का मामला भी सामने आया। मनोज शर्मा नाम के व्यक्ति पर डीन को थप्पड़ मारने का आरोप लगा। जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी।
मुख्यमंत्री ने ट्रॉमा सेंटर में हादसे में घायल लोगों से मुलाकात की और उनके इलाज की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि घटना की जांच के आदेश दिए जा चुके हैं और हादसे के कारणों की पूरी पड़ताल की जा रही है। घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस दौरान प्रदेश के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट और सांसद भारत सिंह कुशवाहा भी मौजूद थे।
dharmpath.com dharmpath