घरों में क्वारंटीन हुए लोग बाहर निकले तो पुलिस को बता देगा ‘संयम’ ऐप

नई दिल्ली-घरों में जिन लोगों को प्रशासन ने क्वारंटाइन किया है, अगर वे बाहर निकलेंगे तो पुलिस को तुरंत पता चल जाएगा। यह संभव हुआ है पुणे नगर निगम के संयम मोबाइल ऐप से। आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने मंगलवार को इस ऐप की खासियतों के बारे में जानकारी दी है। पुणे के शहर प्रशासन ने घरों में क्वारंटीन हुए लोगों की निगरानी के लिए टीमों की नियुक्ति की है। ये टीमें विदेशों से हाल में लौटने वाले और कोविड-19 के उपचार के बाद डिस्चार्ज होने वाले लोगों की नियमित जांच करेंगी। ये टीमें क्वारंटीन किए गए लोगों से उनकी सेहत और संपर्क का ब्योरा हासिल करने के साथ देखेंगी कि स्टाम्प लगे लोगों को अलग खाना, बिस्तर, बर्तन, कपड़े और वाशरूम उपलब्ध कराए गए हैं या नहीं।

दरअसल, पुणे में होम क्वारंटाइन का उल्लंघन करने वालों की बहुत शिकायतें मिल रहीं थीं। इसके बाद नगर प्रशासन ने तकनीक की मदद लेते हुए संयम मोबाइल ऐप तैयार कराया। होम क्वारंटीन वाले सभी लोगों के मोबाइल में शहर प्रशासन ने संयम मोबाइल ऐप इंस्टॉल कराया है। इस ऐप में जीपीएस ट्रैकिंग व्यवस्था है। अगर कोई व्यक्ति घर से बाहर निकलता है तो तुरंत शहर की पुलिस और प्रशासन को अलर्ट मिल जाता है। इसके बाद घर पर पुलिस जाकर परिवार से संपर्क कर हिदायत देती है।

संबंधित लोगों को 24 घंटे तक मोबाइल चालू रखने और जीपीएस को हमेशा खोले रखने के निर्देश हैं। खास बात यह कि पुणे नगर निगम प्रशासन ने होम क्वारंटीन किए लोगों की इस ऐप से निगरानी के लिए कंट्रोल रूम जैसी व्यवस्था भी की है, जिससे होम क्वारंटाइन वाले लोगों की आवाजाही पर रियल-टाइम आधार पर नजर रखी जा सकती है।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493