घाटी में बंद, पीडीपी ने उपचुनाव स्थगित करने की मांग की (लीड-1)

श्रीनगर, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में श्रीनगर-बडगाम संसदीय सीट के लिए उपचुनाव के दौरान रविवार को हुई हिंसा में आठ लोगों की मौत के बाद सोमवार को घाटी में अलगाववादियों की ओर से आहूत बंद के दौरान घाटी तथा अन्य इलाकों में बाजार, सार्वजनिक परिवहन, शैक्षणिक संस्थान तथा अन्य व्यावसायिक संस्थान बंद हैं।

इस बीच सत्तारूढ़ पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने अनंतनाग संसदीय सीट के लिए 12 अप्रैल को होने उपचुनाव को स्थगित करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि फिलहाल माहौल चुनाव के अनुकूल नहीं है।

अलगाववादियों की ओर से आहूत बंद के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। विभिन्न इलाकों में सशस्त्र पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों ने गश्त किया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।”

श्रीनगर-बडगाम संसदीय सीट के लिए उपचुनाव के दौरान रविवार को भीड़ ने बडगाम में लगभग 100 जगह मतदान केंद्रों पर हमला कर दिया और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के साथ तोड़फोड़ की थी।

सुरक्षा बलों की ओर से की गई कार्रवाई में आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें से सात की मौत बडगाम में और एक की गांदरबल जिले में हुई।

कश्मीर विश्वविद्यालय ने सोमवार तथा मंगलवार को पूर्व निर्धारित सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी शांत मनु ने रविवार को बताया कि 50-100 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराए जाएंगे, जहां हिंसा के कारण चुनाव प्रक्रिया बाधित हुई।

उपचुनाव के दौरान रविवार को केवल सात प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछले 27 साल में सबसे कम है।

निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अगले चरण का उपचुनाव 12 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर की अनंतनाग संसदीय सीट पर होगा।

इस बीच, असामाजिक तत्वों की ओर से अफवाह फैलाने पर रोक लगाने के लिए घाटी में इंटरनेट सेवाएं 12 अप्रैल तक स्थगित करने का फैसला लिया गया है।

वहीं, पीडीपी ने निर्वाचन आयोग से अनंतनाग संसदीय सीट के लिए 12 अप्रैल को होने वाला उपचुनाव स्थगित करने का आग्रह किया है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दक्षिणी कश्मीर की अनंतनाग संसदीय सीट के लिए पीडीपी उम्मीदवार तसादुक हुसैन मुफ्ती ने निर्वाचन आयोग से कहा कि जिले में उपचुनाव के लिए स्थिति माकूल नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493