श्रीनगर, 16 जनवरी (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में शनिवार को सूरज की हल्की किरणें भी शीतलहर के प्रभाव को कम नहीं कर पा रही हैं जबकि जम्मू क्षेत्र में ठंड का कहर जारी है।
मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा, “श्रीनगर शहर में शनिवार को न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं, पहलगाम में शून्य से 5.8 डिग्री नीचे, गुलमर्ग में शून्य से छह डिग्री नीचे, लेह में शून्य से 14.5 डिग्री नीचे और कारगिल में शून्य से 13.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।”
अधिकारी ने कहा, “जम्मू क्षेत्र में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस, कटरा में 6.2 डिग्री, बटोत में 4.5 डिग्री, बनिहाल में 6.5 डिग्री, भदरवाह में 0.3 डिग्री और उधमपुर में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।”
अधिकारी के अनुसार राज्य में शनिवार को मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, “लोहड़ी के उत्सव के बाद हम सामान्य तौर पर जम्मू में शीत ऋतु को अलविदा कहते हैं, लेकिन पिछले दो दिनों से घने कोहरे और शनिवार को बदली छाए रहने के कारण ठंड बढ़ गई है।”
अधिकारी ने हालांकि, यह भी कहा कि 15 जनवरी के बाद जम्मू में ठंड का बढ़ना असमान्य बात नहीं है।
dharmpath.com dharmpath