चंडीगढ़, 11 जुलाई (आईएएनएस)। चंडीगढ़ और पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में 12 दिनों की देरी के बाद मंगलवार सुबह को हल्की बूंदाबांदी के साथ मानसून ने दस्तक दी।
चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई।
पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की खबरें हैं।
क्षेत्र में मानसून के 29 से 30 जून के आसपास आने की उम्मीद थी जो इस साल देरी से आया है।
मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों के अनुसार, “मानसून में देरी ने पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में उमस और उच्च तापमान की स्थिति पैदा की। यहां अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता का स्तर 70 से 95 प्रतिशत दर्ज किया गया।”
अधिकारियों ने कहा कि पिछले महीने के आखिर में दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) तक पहुंचने के बाद मानसून कमजोर पड़ गया था।
पंजाब और हरियाणा में अगले दो-तीन दिनों तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
dharmpath.com dharmpath