नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में लाल चंदन के कथित 20 तस्करों की मुठभेड़ में मारे जाने की घटना के एक दिन बाद बुधवार को केंद्र सरकार ने राज्य सरकार से इस मामले की रपट मांगी है।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि गृह मंत्री ने राज्य सरकार से चित्तूर के जंगल में 20 तस्करों के मारे की घटना की विस्तृत रपट मांगी है।
लाल चंदन के 20 तस्करों के मारे जाने के बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार की रात इस घटना को लेकर गृहमंत्री से बातचीत की थी।
उन्होंने कहा, “आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कल (मंगलवार) गृह मंत्री से बातचीत की। मंत्रालय ने आज राज्य सरकार को घटना की विस्तृत रपट देने के लिए कहा है।”
सामूहिक तौर पर 20 लोगों के मारे जाने के बाद तमिलनाडु में खासा बवाल मचा, क्योंकि मारे गए अधिकांश लोग तमिलनाडु के थे। इस घटना की स्वतंत्र जांच की भी मांग की गई।
इस घटना पर तमिलनाडु सरकार व प्रदेश की राजनीतिक पार्टियों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी, क्योंकि मृतकों में 12 तमिलनाडु के तिरूवन्नामलाई तथा वेल्लोर जिले के थे और वे आंध्रप्रदेश के जंगल में लाल चंदन के पेड़ काटने व दुर्लभ चंदन की लकड़ियों को ले जाने के लिए गए थे। उनमें से अधिकांश गरीब जनजाति समुदाय के लोग थे।
dharmpath.com dharmpath