चंद्रबाबू के पुत्र को पंचायती राज, ग्रामीण विकास व सूचना प्रौद्योगिकी विभाग

विजयवाड़ा, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश प्रदेश के पंचायती राज, ग्रामीण विकास व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री होंगे। लोकेश को रविवार को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था।

नायडू ने मंत्रिमंडल के अपने पहले विस्तार में रविवार को शपथ ग्रहण करने वाले सभी मंत्रियों के विभागों का बंटवारा किया।

उन्होंने उन विभागों का बंटवारा किया, जो साल 2014 से ही उनके पास थे, साथ ही मंत्रिमंडल से हटाए गए पांच मंत्रियों के विभागों का भी बंटवारा किया।

पंचायती राज मंत्रालय अभी तक अयन्नापत्रुदु के पास था। लोकेश को जो दो अन्य विभाग दिए गए, वे मंत्रिमंडल से हटाए गए मंत्रियों के पास थे।

पिछले महीने विधान परिषद के लिए निर्वाचित हुए लोकेश (34) पहली बार मंत्री बने हैं। वह सत्तारूढ़ तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के महासचिव भी हैं।

मंत्रिमंडल में फेरबदल से पार्टी में विधायकों ने बगावती तेवर अपना लिए हैं। मंत्रिमंडल से हटाए गए एक विधायक विधानसभा से इस्तीफा दे रहे हैं, वहीं पार्टी के एक वरिष्ठ नेता मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने पर पार्टी छोड़ने पर आमादा है।

कुछ अन्य विधायक जिन्हें मंत्रीपद मिलने की आशा थी, उन्होंने अपना खुला विरोध जताया है। नायडू ने हालांकि चेतावनी दी है कि वह किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेंगे।

अविभाजित आंध्र प्रदेश में एन.टी.रामाराव की सरकार में गृहमंत्री रह चुके कला वेंकट राव को ऊर्जा मंत्रालय दिया गया है, जो मुख्यमंत्री के पास था।

अविभाजित आंध्र प्रदेश में नायडू की सरकार में मंत्री रह चुके एस.चंद्रमोहन रेड्डी को कृषि विभाग दिया गया है, जो इससे पहले पुल्ला राव के पास था, जो अब नागरिक आपूर्ति विभाग देखेंगे।

अन्य मंत्रियों में अखिल प्रिया (पर्यटन), पी.सत्यनारायण (श्रम एवं रोजगार), कल्वा श्रीनिवासुलु (ग्रामीण आवास एवं सूचना एवं जन संपर्क), एन.आनंदबाबू (जनजाति व सामाजिक कल्याण), सुजय कृष्ण रंगा राव (खनन), के.एस.जवाहर (उत्पाद), आदिनारायण रेड्डी (विपणन, गोदाम) तथा अमरनाथ रेड्डी (उद्योग) शामिल हैं।

दो उप मुख्यमंत्रियों-के.ई.कृष्णमूर्ति (राजस्व, स्टांप व रजिस्ट्रेशन) तथा एन.चिनाराजप्पा (गृह एवं आपदा प्रबंधन) सहित वरिष्ठ मंत्रियों के विभागों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

के.अचननायडू को परिवहन विभाग सौंपा गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493