मुंबई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। उद्योगपति आनंद महिंद्रा के ‘बच्चियों से दुष्कर्म करने वालों व उनकी हत्या करने वालों को’ फांसी देने का काम करने के प्रस्ताव पर देश ने सोमवार को सोशल मीडिया पर खूब प्रतिक्रिया दी और बड़ी संख्या में लोगों ने कहा कि वे उनके साथ हैं।
गुजरात के सूरत में आठ साल की लड़की के साथ दुष्कर्म व हत्या की खबर से नाराज ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा समूह के 62 साल के चेयरमैन ने रविवार को नाराजगी से भरा ट्वीट किया, “जल्लाद की नौकरी ऐसी नहीं है जिसे कोई करना चाहेगा। लेकिन, लड़कियों के क्रूर दुष्कर्मियों व हत्यारों की फांसी के लिए मैं बेहिचक स्वेच्छा से यह काम करूंगा।”
अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने ट्वीट किया, “मैं भरसक शांत रहना चाहता हूं, लेकिन अपने देश में यह सब होता देखकर मेरा खून खौल उठता है।”
जम्मू एवं कश्मीर के कठुआ में नाबालिग लड़की के दुष्कर्म व हत्या व उत्तर प्रदेश के उन्नाव में किशोर लड़की से दुष्कर्म के बाद गुजरात में दुष्कर्म को लेकर पूरे देश में प्रदर्शन हो रहे हैं।
महिंद्रा की टिप्पणी के तुरंत बाद सेलिब्रिटी फोटोग्राफर अतुल कसबेकर ने ट्वीट कर इस तरह के अपराधों में जल्लाद के तौर पर कार्य करने की अपनी इच्छा का संकेत दिया।
कुछ अन्य ने कहा कि महिंद्रा के 66 लाख (ट्विटर) फालोअर इस महान कार्य का हिस्सा बनने के लिए तैयार हो जाएंगे और कुछ अन्य ने कहा कि जब कभी मदद की जरूरत हो तो बताइयेगा।
dharmpath.com dharmpath