जयपुर, 16 सितंबर (आईएएनएस)। सहकारिता राज्यमंत्री अजय सिंह किलक एवं उदयपुर जिला प्रशासन की पहल पर जिला प्रशासन एवं उदयपुर सहकारी उपभोक्ता थोक भंडार लि. के माध्यम से ‘अनुपयोगी को उपयोगी बनाना, जरूरतमंद तक पहुंचाना’ के स्लोगन के साथ ‘चहक’ अभियान नाम से एक अनूठी एवं महत्वाकांक्षी पहल का प्रारंभ उदयपुर शहर में हुआ है।
अजय सिंह किलक ने बताया कि सहकारी उपभोक्ता भंडार लिमिटेड के शास्त्री सर्कल स्थित सुपर मार्केट में एक काउंटर बनाया गया है। नागरिकों के घरों में रखी अनुपयोगी सात सामग्री – लंच बॉक्स, वाटर बोटल, ज्यामेट्री बॉक्स, खाली कापियां, खाली रजिस्टर, स्कूल बेग व बच्चों के खिलौनों को इस काउंटर पर जमा किया जाएगा। यह सुविधा अभी एक स्थान पर आरंभ की गई है।
उन्होंने बताया कि अनुपयोगी सामग्री को उपयोगी बनाकर जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा। सरकारी स्कूल के वे जरूरतमंद विद्यार्थी जो इन सामग्रियों से वंचित हैं, उन तक पहुंचाकर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अंतर्गत नई-पुरानी सामग्री को एक स्थान पर जमा करने की सुविधा आरंभ की गई है, जहां से सरकारी स्कूलों के जरूरतमंद विद्यार्थियों तक इन्हें पहुंचाया जाएगा।
उदयपुर जिला कलक्टर रोहित गुप्ता ने बताया कि ‘चहक-एक शुरुआत’ अभियान के तहत सामग्री जमा कराने वाले व्यक्ति को उसके मोबाइल नंबर पर एस.एम.एस. से पात्र विद्यार्थी तक संबंधित सामग्री के पहुंचने की जानकारी दी जाएगी। सामग्री देने वाला व्यक्ति वहां जाकर जानकारी भी ले सकता है। इस सुविधा से चहक अभियान को संबल मिलेगा वहीं सामग्री भी पात्र बच्चे तक पहुंचेगी।
बच्चे छोटी-छोटी चीजों से नहीं होंगे महरूम सुपर मार्केट भंडार के प्रशासक एवं अतिरिक्त रजिस्ट्रार राजेंद्र भट्ट बताते हैं कि अब सरकारी स्कूल के बच्चों को इन छोटी-छोटी चीजों के लिए महरूम नहीं होना पड़ेगा। बच्चे अपना भविष्य संवार पाएंगे तथा उनके जीवन में खुशी के पल भी लौटेंगे।
भंडार के महाप्रबंधक आशुतोष भट्ट ने बताया कि व्यक्ति संबंधित सामग्री सुपर मार्केट पर प्रात: 10 बजे से शाम 5 बजे तक जमा करा सकते हैं। यह सामग्री केंद्र से जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएगी ताकि उनके विद्यार्थी जीवन को और अधिक आसान बनाया जा सके।
dharmpath.com dharmpath