कोझिकोड(केरल), 7 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने शनिवार को केरल के लोगों से राज्य के मुख्यमंत्री ओमन चांडी को मुख्यमंत्री के तौर पर दूसरे कार्यकाल का मौका देने का आग्रह किया।
नीतीश विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के प्रचार के लिए केरल में मौजूद हैं।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, “केरल के विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए चांडी को एक और कार्यकाल दिया जाना चाहिए।”
जद (यू) कांग्रेस नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) का एक छोटा घटक है।
मौजूदा केरल विधानसभा में जद (यू) की राज्य इकाई के अध्यक्ष एम. पी. वीरेंद्र कुमार के बेटे एम. वी. श्रेयम्स कुमार सहित जद (यू) के दो विधायक हैं।
नीतीश कुमार ने पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन में शामिल न होने के लिए मार्क्सवादी काम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की आलोचना की।
नीतीश ने साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गलत नीतियों पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियां धर्मनिरपेक्ष केरल के लिए हानिकारक हैं।
चांडी पिछले साल नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे।
केरल में 14वीं विधानसभा के लिए 16 मई को मतदान होना है।
dharmpath.com dharmpath