कोलकाता, 7 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय चाय बोर्ड ने देश के सभी नीलामी केंद्रों में एक अखिल भारतीय इलेक्ट्रॉनिक नीलामी प्रणाली लागू करने से पहले सोमवार को पांच दिवसीय परीक्षण शुरू किया।
कोलकाता चाय व्यापार संगठन (सीटीटीए) के अध्यक्ष तपन रायचौधरी ने आईएएनएस से कहा, “हमारे संगठन को अखिल भारतीय नीलामी प्रणाली लागू करने के लिए परीक्षण किए जाने की सूचना मिली है। यह सोमवार से शुरू हो चुका है। यह फैसला केंद्र सरकार ने लिया है, जिसका कार्यान्वयन चाय बोर्ड कर रही है।”
बोर्ड ने हितधारकों को दी गई एक सूचना में कहा, “अखिल भारतीय नीलामी प्रणाली का परीक्षण सात मार्च से 11 मार्च 2016 के बीच होगा।”
देश में सात नीलामी केंद्र हैं- कोलकाता, गुवाहाटी, सिलिगुरी, जलपाईगुरी, कोच्चि, कुन्नूर और कोयंबटूर।
चौधरी ने कहा कि सभी हितधारकों नियमों को सुसंगत बनाने के लिए अपने सुझाव दे दिए हैं, ताकि प्रणाली को संचालित करने में कोई परेशानी नहीं हो।
चाय बोर्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक, “अखिल भारतीय नीलामी प्रणाली के तहत किसी एक नीलामी केंद्र में पंजीकृत खरीदार दूसरे केंद्र की नीलामी में हिस्सा ले सकेगा।”
2014-15 में ई-नीलामी के जरिए कुल 53.267 करोड़ किलोग्राम चाय की बिक्री हुई थी।
dharmpath.com dharmpath