चिकित्सा वैज्ञानिक शेट्टी को भारत गौरव लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय मूल के आथोर्पेडिक सर्जन एवं स्टेम सेल वैज्ञानिक प्रो. (डॉ.) ए. ए. शेट्टी को ब्रिटिश संसद में वर्ष 2018 के लिए भारत गौरव लाइफ अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

स्टेम सेल तथा रिजनरेटिव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रो. शेट्टी के महत्वपूर्ण योगदान के लिए यह पुरस्कार उन्हें ब्रिटिश संसद के सदन हाउस आफ कामंस के हाल में आयोजित समारोह में हाउस आफ लार्डस की सदस्य तथा पूर्व मंत्री बारोनेस संदीप वर्मा और ब्रिटेन में भारतीय उप उच्चायुक्त दिनेश पटनायक ने प्रदान किया।

समारोह में फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर, रीच स्पोर्ट्स सिमरू के निदेशक राबर्ट जी डेविस, इंडो-कनाडियंस नेशनल एलायंस के अध्यक्ष डा. आजाद कुमार कौशिक एवं संस्कृति युवा संस्थान के अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा भी मौजूद थे।

यह पुरस्कार संस्कृति युवा संस्था की ओर से भारत की उन हस्तियों को दिया जाता है जिन्होंने अपने काम से दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। प्रो. शेट्टी को छठा भारत गौरव लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया। इससे पहले श्री श्री रविशंकर, मधुर भंडारकर तथा अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला (मरणोपरांत) को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

प्रो. शेट्टी ने यह पुरस्कार प्राप्त करने के बारे में कहा, “मेरे लिए यह बहुत ही सम्मान एवं गौरव की बात है कि मुझे इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया है। मैं यह पुरस्कार अपने सभी शिक्षकों को समर्पित करता हूं जिन्होंने मुझे इस लायक बनाया, उन छात्रों को समर्पित करता हूं जिन्होंने मुझे प्रेरित किया और उन मरीजों को समर्पित करता हूं जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493