चित्रकूट ने शिवराज को ‘झूठे वादों’ का जवाब दिया : अजय सिंह

भोपाल, 12 नवंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के सतना जिले की चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में कांग्रेस को मिली जीत पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किए गए झूठे वादों का मतदाताओं ने जवाब दिया है।

सिंह ने रविवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि चित्रकूट विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी की जीत पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम हैं। चित्रकूट की जनता के इस जनादेश से पूरे प्रदेश में कांग्रेस को नई ऊर्जा मिली है।

उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री चौहान ने बीते 13 वर्षो में चित्रकूट की जनता से न जाने कितने वादे किए, मगर एक भी पूरा नहीं किया। इस बात से वहां का मतदाता बेहद नाराज था। दूसरी बात कि वहां के लोग विधायक प्रेम सिंह को श्रद्धांजलि देना चाहते थे, इसलिए ज्यादातर मतदाताओं ने कांग्रेस को वोट किया।”

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में हुई इस जीत ने पूरे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के अंदर नई ऊर्जा का संचार किया। उपचुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया, कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव के प्रचार अभियान ने कांग्रेस की जीत को सुनिश्चित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493