चित्रकूट : रामभद्राचार्य के भतीजे ने सहायक कुलसचिव को पीटा, भर्ती

चित्रकूट, 8 जनवरी (आईएएनएस)। रामभद्राचार्य विकलांग विश्वविद्यालय के कुलाधिपति जगद्गुरुरामभद्राचार्य के भतीजे व क्रीड़ा अधिकारी ने विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव और प्लंबर (मिस्त्री) की जमकर धुनाई कर दी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रामभद्राचार्य के भतीजे घर में पानी न आने से नाराज थे।

पुलिस ने शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

कुलाधिपति जगद्गुरुरामभद्राचार्य ने विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी के रूप में अपने भतीजे अमृतांशु मिश्र की नियुक्ति की है।

बताया जा रहा है कि कुलाधिपति के भतीजा अमृतांशु के घर में जलापूर्ति नहीं हो रही थी। इससे वह काफी नाराज थे। शुक्रवार सुबह विश्वविद्यालय खुलते ही वह सहायक कुलसचिव राकेश शर्मा के पास पहुंचे।

शर्मा ने अमृतांशु से कहा कि जलापूर्ति कराने के लिए वह प्लंबर से बात करें। इतना सुनते ही अमृतांशु असहिष्णु हो उठे और सहायक कुलसचिव से गाली-गलौज करने लगे। उनका गुस्सा बढ़ता ही गया, उन्होंने शर्मा की बुरी तरह धुनाई कर दी।

शर्मा के मुताबिक, इसी बीच प्लंबर भी मौके पर आ गया। अमृतांशु ने प्लंबर की भी पिटाई की। स्थानीय डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पीड़ित सहायक कुलसचिव ने कहा, “कुलाधिपति का भतीजा दबंगई करता है। स्वामी जी की गैरमौजूदगी में वह कर्मचारियों को रौब दिखाता है। उसने अचानक मेरे कमरे में आकर मेरी पिटाई कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493