चित्रकूट, 5 जनवरी (आईएएनएस)। बुंदेलखंड की धर्मनगरी और भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में स्थित जगद्गुरु रामभद्राचार्य विकलांग विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में सोमवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शिरकत करेंगे और 579 छात्र-छात्राओं को उपाधियां वितरित करेंगे।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य विकलांग विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेशचंद्र दुबे ने शुक्रवार को बताया, “राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आगामी आठ जनवरी (सोमवार) को भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट स्थित इस विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे और विश्वविद्यालय के 579 विद्यार्थियों को डी-लिट और स्वर्णपदक वितरित करेंगे।”
उन्होंने बताया, “इन छात्र-छात्राओं में बी.ए. में पढ़ने वाले 114, बी.एड. में 95, श्रवण बाधित बी.एड. और ²ष्टि बाधित बी.एड. में 28-28, बी.एफ.ए. में नौ, बी.बी.ए. में 18, बी.सी.ए. में 39, एम.बी.ए. में 17, एम.एस.डब्ल्यू. में चार, एम.ए. में 109, एम.ई.ए. में चार, एम.ई.डी. में 45, एम.एम.यू.एस. में दो, एम.सी.ए. में 35, डिप्लोमा इन योग में पांच, पीजीडीआईटी में 16, पीएचडी में 10 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। कुल मिलाकर 579 छात्र-छात्राओं को उपाधियां दी जाएंगी।”
चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेन्द्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मंच से 30 फुट की दूरी पर वीवीआईपी और सामान्य लोगों के लिए कुर्सियां लगाई जाएंगी।
dharmpath.com dharmpath