चेन्नई, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। मेगास्टार चिरंजीवी ने मंगलवार को अनुभवी फिल्मकार के. विश्वनाथ से मुलाकात की और दादा साहेब फाल्के पुरस्कार के लिए उन्हें बधाई दी। देश में सिनेमा का यह सर्वोच्च पुरस्कार है।
विश्वनाथ के साथ चिरंजीवी तेलुगू फिल्म ‘सुभालेखा’, ‘स्वयंकृशी’ और ‘आपथाबंधावुदू’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं।
चिरंजीवी के करीब सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “चिरंजीवी सर, विश्वनाथ के लिए इस दुर्लभ सम्मान के बारे में जानकर बहुत खुश थे। उन्होंने आज उनसे मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने करीब एक घंटे तक बातचीत की।”
‘सुभालेखा’ में चिरंजीवी को उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इस फिल्म में दहेज प्रणाली को लेकर सवाल किए गए थे।
कई राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता रहे विश्वनाथ ने 50 फिल्मों का निर्देशन किया है।
विश्वनाथ की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ‘स्वाति मुत्यम’ (द व्हाइट पर्ल) ने वर्ष 1987 में अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ विदेशी फिल्म श्रेणी में आधिकारिक तौर पर प्रविष्टि पाई थी।
dharmpath.com dharmpath